RajBoardExam
विज्ञान (Science)हिंदी माध्यम2026-27

RBSE Class 6 Science Chapter 11 Solutions in Hindi — प्रकृति की अमूल्य संपदा

📅 अंतिम अपडेट: 2026-09-09📖 RBSE/NCERT Solutions

RBSE Class 6 Science Chapter 11 Question Answer in Hindi प्रकृति की अमूल्य संपदा

By tackling theseRBSE Solutions Class 6 Scienceand RBSE Class 6 Science Chapter 11 Question Answer in Hindi प्रकृति की अमूल्य संपदा, students will build a solid foundation in the topic.

Class 6th Science Chapter 11 Question Answer in Hindi Medium

Science Class 6 Chapter 11 Question Answer in Hindi

पृष्ठ 215

प्रश्न 1.
विभिन्न प्रकार के वाहन अलग-अलग ईंधन स्टेशन पर क्यों जाते हैं?
उत्तर:
इसका कारण यह है कि वे विभिन्न प्रकार के ईंधन का उपयोग करते हैं। उदाहरण के लिए पेट्रोल और डीजल।

पाठ्यपुस्तक के प्रश्न

प्रश्न 1.
चित्र में प्राकृतिक संसाधनों से संबंधित वस्तुओं को दर्शाया गया है। उन्हें उनके अव्यवस्थित नामों से मिलाइए। एक अन्य तालिका बनाइए और इन संसाधनों के नाम लिखिए। इन संसाधनों को नवीकरणीय और अनवीकरणीय संसाधनों के रूप में वर्गीकृत कीजिए।

उत्तर:

अव्यवस्थित नाम

व्यवस्थित नाम

नवीकरणीय/ अनवीकरणीय संसाधन

(i) लज

जल

नवीकरणीय

(ii) नवप

पवन

नवीकरणीय

(iii) नव

वन

नवीकरणीय

(iv) नटाट्च

चट्टान

अनवीकरणीय

प्रश्न 2.
बताइए कि निम्नलिखित कथन सत्य हैं या असत्य? यदि असत्य है, तो उन्हें सही कर के पुनः लिखिए-
(क) प्रकृति में मानव की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए पर्याप्त संसाधन हैं। ( )
(ख) मशीन प्रकृति में पाया जाने वाला एक संसाधन है। ( )
(ग) प्राकृतिक गैस एक अनवीकरणीय संसाधन है। ( )
(घ) वायु एक नवीकरणीय संसाधन है। ( )
उत्तर:
(क) – सत्य
(ख) – असत्य

सही कथन – मशीन मानव निर्मित संसाधन है।
(ग) सत्य
(घ) सत्य

प्रश्न 3.
सबसे उपयुक्त विकल्प का उपयोग करके रिक्त स्थान भरें।
3.1 ईंधन जो सामान्यतः स्कूटर या बाइक जैसे दोपहिया वाहनों में उपयोग किया जाता है …..
(क) मिट्टी का तेल
(ख) पेट्रोल
(ग) डीजल
(घ) सी.एन.जी.
3.2 नवीकरणीय संसाधन का एक उदाहरण है…….
(क) कोयला
(ख) जल
(ग) प्राकृतिक गैस
(घ) पेट्रोल
उत्तर:
3.1 – (ख) पेट्रोल
3.2 – (ख) जल

प्रश्न 4.
निम्नलिखित को नवीकरणीय और अनवीकरणीय संसाधनों के रूप में वर्गीकृत करें- कोयला, प्राकृतिक गैस, वन और खनिज।
उत्तर:
नवीकरणीय संसाधन – वन
अनवीकरणीय संसाधन – कोयला, प्राकृतिक गैस, खनिज।

प्रश्न 5.
हम यह क्यों कहते हैं कि पेट्रोलियम एक अनवीकरणीय संसाधन है?
उत्तर:
पेट्रोलियम जीवाश्म ईंधन का एक प्रकार है जिसके निर्मित होने में लाखों वर्ष लगते हैं। ये सीमित मात्रा में पाया जाता है और एक बार उपयोग करने के बाद कम हो जाता है। यह उचित समयावधि के भीतर उत्पन्न नहीं होता है और न ही इसकी पुन: पूर्ति होती है। इसलिए पेट्रोलियम एक अनवीकरणीय संसाधन है।

प्रश्न 6.
वनों को पुन: उगाना कठिन है। इस कथन की पुष्टि कीजिए।
उत्तर:
वनों को पुन: उगाना कठिन है क्योंकि पेड़ों की वृद्धि में लंबा समय लगता है, साथ ही वनों का पारिस्थितिक तंत्र जटिल होता है । अत्यधिक पेड़ों को एक साथ, लंबे समय तक सुरक्षित रखना भी काफी कठिन तथा श्रमसाध्य होता है।

प्रश्न 7.
पाँच दैनिक गतिविधियों की सूची बनाइए जहाँ आप प्राकृतिक संसाधनों का प्रयोग करते हैं। उनका उपयोग कम करने की विधियाँ सुझाएँ।
उत्तर:

दैनिक गतिविधि

प्रयुक्त प्राकृतिक संसाधन

उपयोग कम करने के उपाय

कागज का उपयोग करना

पेड़ (वन)

डिजिटल दस्तावेजों का उपयोग करके पुनर्चक्रित कागज का उपयोग करके।

पीने का पानी

जल

जल कुशल नल का उपयोग करके।

खाना पकाना

कोयला, प्राकृतिक गैस (जीवाश्म ईंधन)

सौर कुकर का उपयोग करके।

बिजली का उपयोग

कोयला, प्राकृतिक गैस

सौर पैनल के उपयोग से बिजली प्राप्त करके ऊर्जा कुशल उपकरणों के प्रयोग से।

निजी वाहन का उपयोग

पेट्रोलियम

सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करके कम दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करके।

प्रश्न 8.
चार गतिविधियों की सूची बनाइए जो वायु की उपस्थिति में संभव हैं।
उत्तर:

  1. श्वास लेना
  2. आग जलाना
  3. पतंग उड़ाना
  4. पौधों में प्रकाश संश्लेषण।

प्रश्न 9.
आप अपने घर के आस-पास को हरित आवरण से समृद्ध बनाने के लिए किस प्रकार योगदान देंगे? ऐसे कार्यों की सूची बनाएँ।
उत्तर:
हमारे घर के आस-पास को हरित आवरण से समृद्ध करने के लिए निम्न प्रयास करेंगे-

  1. मौजूदा पेड़ों और हरित स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
  2. सामुदायिक वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेना।
  3. स्थानीय पार्कों तथा खुले स्थानों में पेड़ लगाना।
  4. हरित पहल के लिए स्थानीय विद्यालयों का सहयोग करना।
  5. पड़ोसियों को अपने घरों, बालकनियों और आस-पास पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना।

प्रश्न 10.
दिए गये चित्र में हम देखते हैं कि भोजन बनाया जा रहा है। निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दीजिए-

(क) भोजन बनाने के लिए किस प्रकार की ऊर्जा का उपयोग हो रहा है?
(ख) भोजन बनाने के लिए इस प्रकार की ऊर्जा के उपयोग का एक लाभ और एक हानि लिखिए।
उत्तर:
(क) सौर ऊर्जा का
(ख) लाभ – इस ऊर्जा के उपयोग से किसी भी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता है।

हानि – इस ऊर्जा का उपयोग रात्रि के समय सीमित हो जाता है।

प्रश्न 11.
बड़े पैमाने पर पेड़ों को काटने से मृदा की गुणवत्ता पर प्रभाव पड़ता है। आपके अनुसार ऐसा क्यों होता है?
उत्तर:
पेड़ों से गिरने वाली पत्तियाँ सड़ जाती हैं और मृदा को पोषक तत्त्वों से समृद्ध करती हैं। इस मृदा का उपयोग नए पौधों और पेड़ों को उगाने के लिए किया जाता है। लेकिन बड़े पैमाने पर पेड़ों को काटने से यह प्रक्रिया कम हो जाएगी जिससे मृदा में पोषक तत्त्वों का पुनःचक्रण कम हो जाता है जिससे मृदा की गुणवत्ता कम हो जाती है।

प्रश्न 12.
दो मानवीय गतिविधियाँ बताइए जिनसे वायु प्रदूषित होती है। एक कार्य सुझाएँ जो वायु प्रदूषण कम करने में सहायक हो।
उत्तर:
मानवीय गतिविधियाँ जो वायु प्रदूषण करती हैं-

  1. वाहनों और उद्योगों में जीवाश्म ईंधन का उपयोग करने से।
  2. वनों की कटाई करने से।

वायु प्रदूषण कम करने हेतु सुझाव- सार्वजनिक परिवहन तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए।

प्रश्न 13.
एक परिवार सौर पैनल बिजली उत्पादन के लिए, गैस स्टोव खाना बनाने के लिए और पवन चक्की कुएँ से पानी खींचने के लिए उपयोग करता है। क्या होगा यदि एक सप्ताह तक सूर्य का प्रकाश न हो?
उत्तर:
(i) यदि एक सप्ताह तक सूर्य का प्रकाश नहीं होगा तो सौर पैनल से बिजली उत्पादन नहीं होगा, जिससे बिजली की कमी हो जाएगी।

(ii) गैस स्टोव से खाना बनाने पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि इसके लिए प्राकृतिक गैस का उपयोग किया जाता है, सूर्य के प्रकाश का नहीं।

(iii) पवन चक्की द्वारा कुएँ से पानी खींचने की प्रक्रिया भी अप्रभावित रहेगी क्योंकि पवन चक्की चलाने के लिए पवन की आवश्यकता होती है न कि सूर्य के प्रकाश की।

प्रश्न 14.
निम्नलिखित शब्दों का उपयोग करके रिक्त स्थानों की पूर्ति करें-
(जीवाश्म ईंधन, वन, वायु, पेट्रोलियम, कोयला, जल और अनवीकरणीय संसाधन)

उत्तर:

प्रश्न 15.
उद्योगों और आवास की आवश्यकताओं को पूरा ‘करने के लिए पेड़ों की माँग बढ़ रही है। इसलिए लगातार पेड़ काटे जा रहे हैं। क्या यह उचित है? चर्चा कीजिए और एक संक्षिप्त रिपोर्ट तैयार कीजिए।
उत्तर:
उद्योगों और आवास की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लगातार पेड़ों की कटाई उचित नहीं है। इसके समाधान के लिए पेड़ लगाना और वनों का संरक्षण करना चाहिए। साथ ही इन आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु वैकल्पिक स्रोतों का विकास करना चाहिए।

(i) वनों की महत्ता (ii) वनों का पर्यावरण पर प्रभाव (iii) वन संरक्षण के उपाय (iv) वैकल्पिक स्रोत।

प्रश्न 16.
अपने विद्यालय में पानी के उपयोग को कम करने के लिए एक योजना बनाइए। इस योजना को साकार करने के लिए आप क्या कदम उठाएँगे और इससे पर्यावरण को कैसे सहायता मिलेगी?
उत्तर:
विद्यालय में पानी के उपयोग को कम करने के लिए योजना-

  1. इसके लिए हम विद्यालय के सभी स्थानों पर पानी के रिसाव को ठीक करेंगे।
  2. पानी के अनावश्यक उपयोग को रोकने तथा उसे संरक्षित रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाएंगे।
  3. वर्षा जल संचयन का प्रयास करेंगे।

पानी के अपव्यय को रोकने, संरक्षण तथा संचयन से भू- जल स्तर को कम होने से रोका जा सकता है जिससे पर्यावरण संरक्षण में सहायता मिलेगी।

RBSE Class 6 Science Chapter 11 Important Questions in Hindi

बहुचयनात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
वायु में उपस्थित होती है—
(अ) नाइट्रोजन
(ब) ऑक्सीजन
(स) ऑर्गन
(द) उपर्युक्त सभी
उत्तर:
(द) उपर्युक्त सभी

प्रश्न 2.
तूरजी का झालरा बावड़ी स्थित है—
(अ) राजस्थान में
(ब) गुजरात में
(स) मध्य प्रदेश में
(द) उत्तर प्रदेश में
उत्तर:
(अ) राजस्थान में

प्रश्न 3.
विश्व जल दिवस कब मनाया जाता है?
(अ) 24 अप्रैल
(ब) 22 मार्च
(स) 1 दिसम्बर
(द) 5 जून
उत्तर:
(ब) 22 मार्च

प्रश्न 4.
पृथ्वी पर ऊर्जा का मुख्य स्रोत है—
(अ) वन
(ब) वायु
(स) सूर्य
(द) जल
उत्तर:
(स) सूर्य

प्रश्न 5.
वन महोत्सव पूरे देश में किस महीने में मनाया
जाता है?
(अ) मार्च
(ब) जुलाई
(स) अगस्त
(द) दिसम्बर
उत्तर:
(ब) जुलाई

प्रश्न 6.
ईंट बनाने के लिए प्रयुक्त किया जाता है-
(अ) ग्रेनाइट
(ब) बलुआ पत्थर
(स) संगमरमर
(द) लेटराइट
उत्तर:
(द) लेटराइट

प्रश्न 7.
सामान्य मोबाइल फोन निर्माण में प्रयुक्त खनिज
(अ) चाँदी
(ब) ताँबा
(स) कोबाल्ट
(द) उपर्युक्त सभी
उत्तर:
(द) उपर्युक्त सभी

प्रश्न 8.
प्राकृतिक संसाधन नहीं है-
(अ) सौर ऊर्जा
(ब) सौर पैनल
(स) मृदा
(द) वन
उत्तर:
(ब) सौर पैनल

प्रश्न 9.
अनवीकरणीय संसाधन है—
(अ) वायु
(ब) जल
(स) मृदा
(द) वन
उत्तर:
(स) मृदा

प्रश्न 10.
सजीवों के जीवित रहने के लिए आवश्यक होती है-
(अ) नाइट्रोजन
(ब) आर्गन
(स) कार्बन-डाइऑक्साइड
(द) ऑक्सीजन
उत्तर:
(द) ऑक्सीजन

रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए

1. चलती हुई वायु को __________ कहते हैं।
उत्तर:
पवन

2. सौर पैनल __________ को एकत्रित कर विद्युत उत्पादन करते हैं।
उत्तर:
सौर-ऊर्जा

3. पृथ्वी के चारों ओर उपस्थित वायु विभिन्न __________ का मिश्रण है।
उत्तर:
गैसों

4. प्रकृति द्वारा प्रदत्त संसाधनों को __________ संसाधन कहते हैं।
उत्तर:
प्राकृतिक

5. पृथ्वी की सतह का लगभग दो-तिहाई भाग __________ से घिरा हुआ है।
उत्तर:
जल

6. सूर्य का प्रकाश पौधों को __________ तैयार करने में सहायता प्रदान करता है।
उत्तर:
भोजन

निम्न में से सत्य / असत्य कथन छाँटिए

1. पवन चक्की और फिरकी की कार्यप्रणाली समान है। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
सत्य

2. महासागरों एवं समुद्रों में पाया जाने वाला जल मृदु होता है। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
असत्य

3. पेट्रोल, डीजल तथा मिट्टी का तेल पेट्रोलियम से प्राप्त होता है। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
सत्य

4. विद्युत वाहन किसी भी प्रकार के धुएँ का निष्कासन नहीं करते हैं। (सत्य / असत्य)
उत्तर:
सत्य

कॉलम – 1 में दिए गए शब्दों का मिलान कॉलम- 2 से कीजिए

प्रश्न 1.

कॉलम 1

कॉलम 2

(1) वायु

(A) डीजल

(2) पेट्रोलियम

(B) हिम

(3) खनिज

(C) ऐलुमिनियम

(4) जल

(D) पवन

उत्तर:

कॉलम 1

कॉलम 2

(1) वायु

(D) पवन

(2) पेट्रोलियम

(A) डीजल

(3) खनिज

(C) ऐलुमिनियम

(4) जल

(B) हिम

प्रश्न 2.

कॉलम 1

कॉलम 2

(1) वायु

(A) प्राकृतिक गैस

(2) सूर्य

(B) खनिज

(3) जीवाश्म ईंधन

(C) सौर पैनल

(4) ग्रेनाइट

(D) पवनचक्की

उत्तर:

कॉलम 1

कॉलम 2

(1) वायु

(D) पवनचक्की

(2) सूर्य

(C) सौर पैनल

(3) जीवाश्म ईंधन

(A) प्राकृतिक गैस

(4) ग्रेनाइट

(B) खनिज

अतिलघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
हमें प्राकृतिक संपदाओं की आवश्यकता क्यों होती है?
उत्तर:
हमें प्राकृतिक संपदाओं की आवश्यकता उत्तरजीविता और अपने जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए होती है।

प्रश्न 2.
पृथ्वी के चारों ओर उपस्थित वायु का संघटन बताइए।
उत्तर:
पृथ्वी के चारों ओर उपस्थित वायु विभिन्न गैसों का मिश्रण है जिसमें नाइट्रोजन (78%), ऑक्सीजन (21%), आर्गन, कार्बन डाइऑक्साइड तथा अन्य गैसें (1%) होती है।

प्रश्न 3.
‘पवन’ से क्या तात्पर्य है?
उत्तर:
चलती हुई वायु को पवन कहते हैं।

प्रश्न 4.
हमें अपने दैनिक जीवन में किन कार्यों के लिए जल की आवश्यकता होती है?
उत्तर:
हमें पीने के लिए खाना बनाने के लिए, नहाने के लिए, कपड़े धोने के लिए, सफाई के लिए, फसलें उगाने और औद्योगिक कार्यों के लिए जल की आवश्यकता होती है।

प्रश्न 5.
महासागरों एवं समुद्रों का जल उपयोग के लिए उपयुक्त क्यों नहीं होता है?
उत्तर:
महासागरों एवं समुद्रों का जल नमकीन (लवणीय) होता है इसलिए, यह जल घरेलू, कृषि तथा औद्योगिक उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं होता है।

प्रश्न 6.
जल की हानि को कम करने के कुछ उपाय बताइए।
उत्तर:
जल की हानि को कम करने की कई विधियाँ हैं। जैसे— उपयोग में न होने पर नल को बंद करना एवं जल के रिसाव को सही करवाना, जल का पुनःचक्रण एवं जल संचयन भी जल बचाने में सहायक है।

प्रश्न 7.
भारत में अनेक परिवारों द्वारा सुबह-सुबह सूर्य को जल क्यों अर्पित किया जाता है?
उत्तर:
भारत में अनेक परिवारों में सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए सुबह – सुबह सूर्य को जल अर्पित किया जाता है।

प्रश्न 8.
नेलिकाई किसे कहते हैं?
उत्तर:
कन्नड़ में आँवले को नेलिकाई कहते हैं।

प्रश्न 9.
विभिन्न स्थानों की मृदा को छूने के बाद अपने हाथों को अच्छी तरह से क्यों धोना चाहिए?
उत्तर:
कभी-कभी जिस मृदा में कचरा होता है उसमें ऐसे कीटाणु होते हैं जो हमारे लिए हानिकारक हो सकते हैं इसलिए विभिन्न स्थानों की मृदा को छूने के बाद अपने हाथों को अच्छी तरह से धोना चाहिए।

प्रश्न 10.
मृदा एक अमूल्य संपदा क्यों है?
उत्तर:
मृदा एक अमूल्य संपदा है क्योंकि यह जैव- विविधता को आश्रय देती है।

प्रश्न 11.
मृदा कैसे बनती है?
उत्तर:
मृदा का निर्माण लंबे समय (कई हजारों वर्षों) में सूर्य, जल और सजीवों द्वारा चट्टानों के विघटन से होता है।

प्रश्न 12.
चट्टानें किससे बनी होती हैं?
उत्तर:
चट्टानें खनिजों से बनी होती हैं।

प्रश्न 13.
खनिजों से कौन-कौनसी महत्त्वपूर्ण धातुएँ प्राप्त की जाती हैं?
उत्तर:
ऐलुमिनियम, सोना, ताँबा और लोहे जैसी महत्त्वपूर्ण धातुएँ खनिजों से प्राप्त की जाती हैं।

प्रश्न 14.
परिवहन के लिए हम जिन वाहनों का उपयोग करते हैं उनमें से अधिकांश वाहन किस ईंधन का उपयोग करते हैं?
उत्तर:
जीवाश्म ईंधन।

प्रश्न 15.
पेट्रोलियम से क्या प्राप्त होता है?
उत्तर:
पेट्रोल, डीजल तथा मिट्टी का तेल पेट्रोलियम से प्राप्त होता है।

प्रश्न 16.
सी. एन. जी. तथा एल.पी.जी. का पूरा नाम लिखिए।
उत्तर:
सी. एन. जी. = संपीडित प्राकृतिक गैस,
एल.पी.जी. = द्रवित पेट्रोलियम गैस।

प्रश्न 17.
हम जीवाश्म ईंधन के संरक्षण में अपना योगदान कैसे दे सकते हैं? इसके दो उपाय बताइए।
उत्तर:

  1. निकट स्थानों तक पैदल या साइकिल से जाकर।
  2. सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करके।

प्रश्न 18.
नवीकरणीय संसाधन किसे कहते हैं?
उत्तर:
वे संसाधन जिनका उचित समयावधि के भीतर नवीनीकृत, पुनःपूर्ति अथवा पुनर्स्थापन हो, उन्हें नवीकरणीय संसाधन कहते हैं।

प्रश्न 19.
‘वन’ से क्या तात्पर्य है?
उत्तर:
वन विभिन्न प्रकार के पौधों की सघन वृद्धि वाले बड़े क्षेत्र होते हैं।

प्रश्न 20.
प्रकृति में पुनर्चक्रण का एक उदाहरण दीजिए।
उत्तर:
पौधे मृदा से पोषक तत्त्व प्राप्त करते हैं। जब पेड़ों से गिरने वाली पत्तियाँ सड़ जाती हैं, वे मृदा को पुनः पोषक तत्त्वों से समृद्ध कर देती हैं। इस मृदा का उपयोग नए पौधों को उगाने के लिए किया जाता है। इस प्रकार प्रकृति में पुनर्चक्रण चलता रहता है।

प्रश्न 21.
मोबाइल फोन निर्माण में कौन-कौन से प्रमुख खनिजों का उपयोग होता है?
उत्तर:
मोबाइल फोन निर्माण में सोना, चाँदी, ताँबा, कोबाल्ट आदि का उपयोग होता है।

लघूत्तरात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
श्वास को रोकने पर हम असहज क्यों हो जाते हैं?
उत्तर:
श्वास को लंबे समय तक रोकना कठिन होता है क्योंकि श्वास द्वारा भीतर ली गई वायु में ऑक्सीजन होती है। यह हमारे शरीर को कार्य करने के लिए आवश्यक होती है। जब हम लंबे समय तक श्वास रोकते हैं तो शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती है। इसलिए हम असहज हो जाते हैं।

प्रश्न 2.
पवन चक्की से क्या तात्पर्य है? इनका उपयोग बताइए।
उत्तर:
पवन चक्की बड़े पंखों की फिरकी के समान होती है, जिसके पंखों को पवन घुमाती है। आटे की चक्की, कुएँ से पानी ऊपर खींचने या विद्युत उत्पादन के लिए पवन चक्की का उपयोग किया जा सकता है।

प्रश्न 3.
पवन चक्की फार्म क्या होते हैं? भारत के प्रमुख पवन चक्की फार्म के नाम बताइए।
उत्तर:
पवन चक्की फार्म वह क्षेत्र है, जिसमें अनेक पवन चक्कियाँ पवन ऊर्जा द्वारा विद्युत उत्पादन करती हैं।

भारत के प्रमुख पवन चक्की फार्म (1) तमिलनाडु का मुपण्डल पवन चक्की फार्म (2) राजस्थान के जैसलमेर का पवन चक्की पार्क (3) महाराष्ट्र का ब्रह्मवेल पवन चक्की फार्म।

प्रश्न 4.
जल कैसे प्रदूषित हो जाता है? इसका क्या प्रभाव पड़ता है?
उत्तर:
हम मृदु जल के स्रोतों में कचरा (अपशिष्ट पदार्थों) फेंककर उन्हें प्रदूषित कर देते हैं। घरों और उद्योगों से निकलने वाले अपशिष्ट जब जल स्रोतों से मिलते हैं तो वे जल को प्रदूषित करते हैं। इसका प्रभाव यह होता है कि प्रदूषित जल सजीवों के उपभोग के लिए उपयुक्त नहीं होता है।

प्रश्न 5.
सौर ऊर्जा के उपयोग के तीन उदाहरण दीजिए।
उत्तर:

  1. सौर पैनल सौर ऊर्जा को एकत्रित कर विद्युत उत्पादन करते हैं।
  2. सूर्य से प्राप्त ऊर्जा का उपयोग सोलर कुकर में खाना बनाने में किया जाता है।
  3. सौर ऊर्जा का उपयोग सौर जल ऊष्मक में जल गर्म करने के लिए भी किया जा सकता है।

प्रश्न 6.
“हम सभी ऊर्जा के मुख्य स्रोत सूर्य पर निर्भर करते हैं।” इस कथन को स्पष्ट कीजिए।
उत्तर:
सूर्य के बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। पृथ्वी पर सूर्य ही ऊर्जा का मुख्य स्रोत है। पौधे सूर्य से प्राप्त ऊर्जा द्वारा भोजन बनाते हैं। विभिन्न जीव-जंतु पौधों को खाते हैं और विकसित होते हैं। हम पौधों और जीव-जंतुओं दोनों से भोजन प्राप्त करते हैं। पृथ्वी पर यह चक्र सूर्य के कारण ही संभव है। अतः हम सभी ऊर्जा के मुख्य स्रोत सूर्य पर निर्भर करते हैं।

प्रश्न 7.
हमें वनों का संरक्षण और दायित्वपूर्वक उपयोग क्यों करना चाहिए?
उत्तर:
वन पक्षियों और कीटों सहित कई जंगली जंतुओं के लिए एक प्राकृतिक आवास है। वह उन्हें भोजन और आश्रय भी प्रदान करता है। प्रकृति में प्रत्येक जीव उत्तरजीविता के लिए अन्य जीवों पर निर्भर करता है। जीवों में विविधता प्रत्येक जीवित प्राणी के लिए भोजन सुनिश्चित करती है। परन्तु पिछले कुछ वर्षों से बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई जैसी मानवीय गतिविधियों के कारण वन क्षेत्र लगातार कम हो रहे हैं। एक नये वन को उगाने या किसी लुप्त हुए वन को पुनर्स्थापित करने में कई वर्ष लग जाते हैं। अतः हमें इनका संरक्षण और दायित्वपूर्वक उपयोग करना चाहिए।

प्रश्न 8.
‘वन महोत्सव’ क्या है? इसका उद्देश्य बताइए।
उत्तर:
पूरे देश में जुलाई महीने में वन महोत्सव मनाया जाता है। यह एक सप्ताह तक चलने वाला कार्यक्रम है। इस उत्सव के दौरान नये पौधे और पेड़ लगाए जाते हैं और वनों का सम्मान करने के लिए जागरूकता पैदा की जाती है। इसका उद्देश्य हरित आवरण को बढ़ाना है।

प्रश्न 9.
चट्टानों से कौन से प्रमुख खनिज प्राप्त होते हैं? इनका क्या उपयोग है?
उत्तर:
चट्टानों से ऐलुमिनियम, सोना, ताँबा और लौहे जैसे महत्त्वपूर्ण खनिज प्राप्त होते हैं। इन खनिजों का उपयोग वायुयान, कार, आभूषण, प्रसाधन, विद्युत और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में किया जाता है।

प्रश्न 10.
पारंपरिक घरेलू ईंधन का नाम बताइए। अब इनका स्थान कौन से ईंधन ले रहे हैं?
उत्तर:
पारंपरिक घरेलू ईंधन के रूप में पहले कोयले, लकड़ी और गोबर के उपलों का उपयोग भोजन बनाने के लिए किया जाता था। अब प्रदूषण कम करने वाली प्राकृतिक गैस एवं द्रवित पेट्रोलियम गैस (एल. पी. जी.) धीरे-धीरे इनका स्थान ले रही है।

प्रश्न 11.
प्राकृतिक संसाधन तथा मानव निर्मित संसाधन में अन्तर कीजिए।
उत्तर:

प्राकृतिक संसाधन

मानवनिर्मित संसाधन

(1) वे संसाधन जिन्हें हम प्रकृति से प्राप्त करते हैं, उन्हें प्राकृतिक संसाधन कहते हैं।

(1) वे संसाधन जो मानव द्वारा निर्मित होते हैं, उन्हें मानव-निर्मित संसाधन कहते हैं।

(2) इनका निर्माण प्राकृतिक कारकों से होता है।

(2) इनका निर्माण प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त सामग्रियों से होता है।

(3) उदाहरण – वायु, जल, वन, मृदा, सौर ऊर्जा, चट्टानें, खनिज, जीवाश्म ईंधन आदि।

(3) उदाहरण – विद्युत बल्ब, फर्नीचर, सौर पैनल, साइकिल आदि।

प्रश्न 12.
नवीकरणीय तथा अनवीकरणीय संसाधन में अन्तर कीजिए।
उत्तर:

नवीकरणीय संसाधन

अनवीकरणीय संसाधन

(1) वे संसाधन जिनका उचित समयावधि के भीतर नवीनीकरण, पुन: पूर्ति या पुनर्स्थापना हो जाती है, नवीकरणीय संसाधन कहलाते हैं।

(1) वे संसाधन जो सीमित मात्रा में होते हैं और जिनकी उचित समया- वधि में पुनः पूर्ति नहीं होती है, अनवीकरणीय संसाधन कहलाते हैं।

(2) उदाहरण – वायु, जल, और वन आदि।

(2) उदाहरण — खनिज, मृदा, कोयला, पेट्रोलियम प्राकृतिक गैस।

प्रश्न 13.
हमें प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण क्यों करना चाहिए?
उत्तर:
प्राकृतिक संसाधन हमें प्रकृति से मिलते हैं। मानव सहित सभी सजीव अपने अस्तित्व के लिए इन पर निर्भर करते हैं। इसलिए हमें अपने प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना चाहिए और उनका अपव्यय न करते हुए दायित्वपूर्वक उपयोग करना चाहिए। इस प्रकार पर्यावरण को हानि पहुँचाए बिना हम अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर सकते हैं और भविष्य के लिए भी इन्हें बचा सकते हैं।

प्रश्न 14.
‘चिपको आंदोलन’ क्या है? समझाइये।
उत्तर:
भारत में प्राचीन काल से ही वनों का आदर, रक्षण और संरक्षण करने की परंपरा रही है। पेड़ों की कटाई को रोकने और इस प्रकार वनों को बचाने के लिए सामान्य लोगों द्वारा कई प्रयास किए गये हैं। प्रसिद्ध चिपको आन्दोलन एक ऐसा ही प्रयास है। इसकी शुरुआत 1970 के दशक में उत्तराखंड में हुई। इस आंदोलन में स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पेड़ों को कटने से बचाने के लिए उन्होंने पेड़ों को घेर लिया और उनसे लिपट गई।

दीर्घउत्तरीय प्रश्न

प्रश्न 1.
हमें जल कहाँ-कहाँ से प्राप्त होता है? किस स्रोत से प्राप्त जल हमारे लिए उपयोगी होता है?
उत्तर:
पृथ्वी की सतह का लगभग दो-तिहाई भाग जल से घिरा हुआ है। अधिकांश जल महासागरों एवं समुद्रों में पाया जाता है। परंतु, यह जल नमकीन (लवणीय) होता है। इसलिए, यह जल घरेलू, कृषि तथा औद्योगिक उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं होता है। इन सभी गतिविधियों के लिए हमें मृदु (लवण रहित या अलवणीय) जल की आवश्यकता होती है, जो पृथ्वी की सतह पर बर्फ की चादरों अथवा हिम, नदियों या झीलों में और पृथ्वी की सतह के नीचे भू-जल के रूप में पाया जाता है। बर्फ की चादरों, हिम या भू-जल से मृदु (अलवणीय) जल प्राप्त करना कठिन होता है लेकिन इसे तालाबों, नदियों, झीलों और कुओं से सहजता से प्राप्त किया जा सकता है।

प्रश्न 2.
जीवाश्म ईंधन के वैकल्पिक स्रोत खोजे जाने क्यों आवश्यक हैं?
उत्तर:
जीवाश्म ईंधन सीमित मात्रा में उपलब्ध है। यदि हम जीवाश्म ईंधन का उपयोग वर्तमान में इसी प्रकार सतत् रूप से करते रहें तो शीघ्र ही जीवाश्म ईंधन समाप्त हो जाएंगे। साथ ही जीवाश्म ईंधन के जलाए जाने पर धुआँ और कार्बन डाइ ऑक्साइड गैस उत्पन्न होती है जो वायु को प्रदूषित करती है। परिवहन और घरेलू ईंधन के लिए जीवाश्म ईंधन पर अत्यधिक निर्भरता के परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर वायु प्रदूषण हुआ है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए हमें ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत खोजने होंगे।

प्रश्न 3.
अनवीकरणीय संसाधनों को उदाहरण देते हुए समझाइए।
उत्तर:
जीवाश्म ईंधन निर्मित होने में लाखों वर्ष लगते हैं। ये सीमित मात्रा में पाए जाते हैं और एक बार उपयोग करने के बाद ये क्षीण हो जाते हैं। ये उचित समयावधि के भीतर उत्पन्न नहीं होते हैं और न ही इनकी पुनः पूर्ति होती है। इन संसाधनों को अनवीकरणीय संसाधन कहते हैं। अनवीकरणीय प्राकृतिक संसाधनों के उदाहरण खनिज, मृदा, चट्टानें, कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैसें हैं।

निबन्धात्मक प्रश्न

प्रश्न 1.
‘वर्षा जल संचयन’ से क्या तात्पर्य है? भारत में इसकी परंपरा के बारे में बताइए।
उत्तर:
जल संरक्षण के लिए जल संचयन एक विधि है। बहुत से भवनों में वर्षा के जल को बाद में उपयोग करने के लिए बड़ी मात्रा में एकत्रित एवं संग्रहित किया जाता है। इसे वर्षा जल संचयन कहा जाता है।

भारत में वर्षा जल संचयन की यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। उदाहरण के लिए राजस्थान एवं गुजरात में पानी की कमी के कारण जल संचयन के लिए बावड़ी एवं वाव बनाए गये। इन बावड़ियों में जल संचयन की एक अनूठी व्यवस्था है। इनमें न केवल वर्षा का जल, बल्कि आस-पास की झीलों, तालाबों और नदियों से रिसने वाला जल भी संचयित होता है। इस हेतु धरती में लंबे, गहरे गड्ढों (खाइयाँ) के अंदर की दीवारें पत्थर के टुकड़ों से इस प्रकार बनी होती हैं जिससे इन खाइयों में जल का रिसाव हो सके।

प्रश्न 2.
चट्टानें मानव जीवन में किस प्रकार महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है और इनका संरक्षण क्यों आवश्यक है?
उत्तर:
चट्टानों का उपयोग घर, भवन, मंदिर, सड़क, बाँध और मेज के ऊपरी भाग आदि के निर्माण में किया जाता है। स्लेट जैसी कुछ चट्टानों का उपयोग छत बनाने के लिए किया जाता है और लेटराइट का उपयोग ईंट जैसी निर्माण सामग्री के रूप में किया जाता है। ग्रेनाइट, बलुआ पत्थर और संगमरमर कुछ महत्त्वपूर्ण चट्टानें हैं जो भवन निर्माण में प्रयुक्त होती हैं।

चट्टानों से खनिज प्राप्त किए जाते हैं। खनिजों का उपयोग वायुयान, कार, आभूषण, प्रसाधन, विद्युत और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में किया जाता है। इस प्रकार चट्टानें मानव जीवन में एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। चट्टानें खनिजों से बनी होती हैं। इसलिए इनके पुनर्निर्माण में हजारों से लाखों वर्ष लग जाते हैं इसलिए इनका संरक्षण और उपयोग दायित्वपूर्वक करना आवश्यक है।

प्रश्न 3.
जीवाश्म ईंधन किसे कहते हैं? इसके उपयोग को समझाइए।
उत्तर:
प्राकृतिक गैस, कोयले और पेट्रोलियम को आमतौर पर जीवाश्म ईंधन कहा जाता है। ये मूलत: पृथ्वी के भीतर सूक्ष्म जीवों और पौधों के दब जाने से पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और कोयले में परिवर्तित हो जाते हैं। इन ईंधनों को बनने में लाखों वर्ष लग जाते हैं।

जीवाश्म ईंधन का उपयोग-
(1) पेट्रोलियम – पेट्रोल, डीजल तथा मिट्टी का तेल पेट्रोलियम से प्राप्त होता है। पेट्रोल और डीजल वाहनों के लिए दो सबसे अधिक उपयोग किए जाने वाले ईंधन है।

(2) प्राकृतिक गैस- इसका उपयोग भोजन बनाने और विद्युत उत्पादन के लिए किया जाता है। आजकल इसका उपयोग वाहनों में संपीडित प्राकृतिक गैस (सी.एन.जी.) के रूप में ईंधन की तरह किया जाता है। यह पेट्रोल या डीजल की तुलना में अधिक स्वच्छ ईंधन है।

(3) कोयला – इसका उपयोग ईंधन के रूप में पहले भोजन बनाने के लिए किया जाता था। अब कोयले का उपयोग मुख्य रूप से विद्युत उत्पादन के लिए किया जाता है।

प्रश्न 4.
प्राकृतिक संसाधन से क्या तात्पर्य है? इन्हें किस प्रकार वर्गीकृत किया जाता है?
उत्तर:
वे संसाधन जिन्हें हम प्रकृति से प्राप्त करते हैं, उन्हें प्राकृतिक संसाधन कहते हैं। वायु, जल, सौर ऊर्जा, वन, मृदा, चट्टानें, खनिज और जीवाश्म ईंधन प्रमुख प्राकृतिक संसाधन है जो प्रकृति से प्राप्त होते हैं। समय के साथ इनमें से कई प्राकृतिक प्रक्रियाओं द्वारा पुनर्भरित हो जाते हैं। इस आधार पर प्राकृतिक संसाधनों को दो भागों में वर्गीकृत किया जा सकता है-

(1) नवीकरणीय संसाधन – वे संसाधन जिनका उचित समयावधि के भीतर नवीनीकृत, पुनः पूर्ति या पुनर्स्थापन हो, उन्हें नवीकरणीय संसाधन कहते हैं। वायु, जल और वन नवीकरणीय प्राकृतिक संसाधनों के कुछ उदाहरण हैं। प्रकृति उनका नवीकरण कर देती है।

(2) अनवीकरणीय संसाधन – वे संसाधन जिनके निर्मित होने में लाखों वर्ष लगते हैं। वे सीमित मात्रा में पाए जाते हैं और एक बार उपयोग करने के बाद वे क्षीण हो जाते हैं। वे उचित समयावधि के भीतर उत्पन्न नहीं होते हैं और न ही इनकी पुनः पूर्ति होती है। ऐसे संसाधनों को अनवीकरणीय संसाधन कहते हैं। अनवीकरणीय प्राकृतिक संसाधनों के उदाहरण खनिज, मृदा, चट्टानें, कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैसें हैं।

RBSE Class 6 Science Chapter 11 Notes in Hindi

  1. प्रकृति द्वारा वे अधिकांश संसाधन प्रदान किए जाते हैं जो हमारे अस्तित्व के लिए आवश्यक है।
  2. प्रकृति द्वारा प्रदान किए गए संसाधनों को प्राकृतिक संसाधन कहते हैं। इनमें वन, वायु, खनिज, चट्टानें, मृदा, जीवाश्म ईंधन और सूर्य से ऊर्जा मुख्य प्राकृतिक संसाधन है।
  3. पृथ्वी के चारों ओर उपस्थित वायु विभिन्न गैसों का मिश्रण है, जिसमें नाइट्रोजन, ऑक्सीजन, ऑर्गन, कार्बन- डाइ ऑक्साइड और सूक्ष्म मात्रा में अन्य गैसें उपस्थित होती हैं।
  4. पृथ्वी की सतह का लगभग दो-तिहाई भाग जल से घिरा हुआ है जिसका अधिकांश भाग महासागरों एवं समुद्रों में पाया जाता है।
  5. सूर्य का प्रकाश पौधों को भोजन तैयार करने में सहायता प्रदान करता है। सूर्य पृथ्वी पर सभी सजीवों को ऊष्मा (गर्मी) और प्रकाश प्रदान करता है इसलिए ऊर्जा का मुख्य स्रोत है।
  6. वन विभिन्न प्रकार के पौधों की सघन वृद्धि वाले बड़े क्षेत्र होते हैं।
  7. मृदा का निर्माण लंबे समय (कई हजारों वर्षों) में सूर्य, जल और सजीवों द्वारा चट्टानों के विघटन से होता है। मृदा एक अमूल्य संपदा है जो जैव-विविधता को आश्रय देती है।
  8. चट्टाने खनिजों से बनी होती हैं, जिनसे कई महत्त्वपूर्ण धातुएँ प्राप्त की जाती हैं।
  9. प्राकृतिक गैस, कोयले और पेट्रोलियम को जीवाश्म ईंधन कहते हैं।
  10. मानव द्वारा अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए बनाए गये संसाधनों को मानव निर्मित संसाधन कहते हैं।
  11. प्राकृतिक संसाधनों को दो भागों— (i) नवीकरणीय संसाधन और (ii) अनवीकरणीय संसाधन में बाँटा जा सकता है।
  12. वे संसाधन जिनका उचित समयावधि के भीतर नवीनीकरण, पुन: पूर्ति या पुनर्स्थापन हो, उन्हें नवीकरणीय संसाधन कहते हैं। जैसे— जल, वायु और वन।
  13. वे संसाधन जो उचित समयावधि में उत्पन्न नहीं होते हैं और न ही इनकी पुनः पूर्ति होती है, अनवीकरणीय संसाधन कहलाते हैं। जैसे— खनिज, मृदा, कोयला, पेट्रोलियम आदि।
  14. मानव सहित सभी सजीव अपने जीवन के लिए प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर हैं इसलिए हमें अपने प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना चाहिए और उनका अपव्यय न करते हुए दायित्वपूर्वक उपयोग करना चाहिए।