RBSE Class 6 Science Chapter 6 Question Answer in Hindi हमारे आस-पास की सामग्री
By tackling theseRBSE Solutions Class 6 Scienceand RBSE Class 6 Science Chapter 6 Question Answer in Hindi हमारे आस-पास की सामग्री, students will build a solid foundation in the topic.
Class 6th Science Chapter 6 Question Answer in Hindi Medium
Science Class 6 Chapter 6 Question Answer in Hindi
पृष्ठ 102
प्रश्न 1.
क्या खाना पकाने के बर्तन बनाने के लिए कागज जैसी सामग्री का उपयोग करना अच्छा विचार होगा?
उत्तर:
नहीं, क्योंकि किसी वस्तु को बनाने के लिए सामग्री का चयन उसके गुणों और उसके प्रयोजन के आधार पर करते हैं।
पृष्ठ 107
प्रश्न 1.
क्या जल पारदर्शी है? क्या इसे अपारदर्शी बनाया जा सकता है?
उत्तर:
हाँ, जल पारदर्शी है। इसे अघुलनशील पदार्थ मिलाकर अपारदर्शी बनाया जा सकता है।
पृष्ठ 108
प्रश्न 1.
क्या आप जो कुछ भी जल में डालते हैं वह अदृश्य हो जाता है?
उत्तर:
नहीं, कुछ सामग्रियाँ जल में नहीं घुलती और बहुत देर तक घोलने पर भी अदृश्य नहीं होती है।
पृष्ठ 112
प्रश्न 1.
क्या ऐसे कोई गुण हैं जो सभी सामग्रियों द्वारा प्रदर्शित किए जा सकते हैं? यदि हाँ, तो वे क्या हो सकते हैं?
उत्तर:
हाँ, द्रव्यमान और आयतन दो गुण हैं, जो सभी सामग्रियों द्वारा प्रदर्शित किए जाते हैं।
पाठ्यपुस्तक के प्रश्न
प्रश्न 1.
अपने रसोईघर में जाएँ और देखें कि आपके माता-पिता ने विभिन्न खाद्य सामग्रियों को किस प्रकार व्यवस्थित किया हुआ है। क्या आप छँटनी के लिए किसी बेहतर विधि का सुझाव दे सकते हैं? अपनी नोटबुक में लिखिए।
उत्तर:
रसोईघर में विभिन्न खाद्य सामग्रियों को विभिन्न पात्रों में भरकर रखा गया है। इन सामग्रियों को दैनिक रूप से उपयोग में आने वाली तथा कभी-कभार उपयोग में आने वाली सामग्रियों के रूप में छाँटकर एक प्रकार की सामग्री जैसे मसाले, दालें आदि को एक साथ रखा जा सकता है जिससे उनकी पहचान और उपयोग आसानी से किया जा सके।
प्रश्न 2.
स्तंभ I में दिए गए अक्षरों को सही क्रम में लिखें और प्राप्त शब्द का मिलान स्तंभ II में दिए गए उसके गुणों से करें।
स्तंभ I | स्तंभ II |
(क) व् य द्र | (i) जिनके आर-पार स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। |
(ख) लशी घु न ल | (ii) स्थान घेरता है और इसका द्रव्यमान होता है। |
(ग) र पार्शी द | (iii) चमकदार सतह |
(घ) यति म | (iv) जल में पूरी तरह घुल जाता है। |
उत्तर:
(क) द्रव्य – (ii)
(ख) घुलनशील – (iv)
(ग) पारदर्शी – (i)
(घ) द्युतिमय – (iii)
प्रश्न 3.
दुकानों और घरों में सामग्री रखने के लिए जिन पात्रों का उपयोग किया जाता है, वे प्राय: पारदर्शी होते हैं। इसके कारण बताइए।
उत्तर:
ताकि इन पात्रों में रखी सामग्री को आसानी से देखा जा सके।
प्रश्न 4.
बताएँ कि नीचे दिए गए कथन सही हैं या गलत, और गलत कथनों को सही करके लिखें।
(क) लकड़ी पारभासी है जबकि काँच अपारदर्शी है। []
(ख) ऐलुमिनियम की पन्नी में चमक होती है, जबकि रबर में नहीं। []
(ग) चीनी जल में घुल जाती है, जबकि लकड़ी का बुरादा नहीं। []
(घ) सेब एक द्रव्य है क्योंकि यह कोई स्थान नहीं घेरता और इसमें द्रव्यमान है। []
उत्तर:
(क) गलत, लकड़ी अपारदर्शी है जबकि काँच पारदर्शी है।
(ख) सही
(ग) सही
(घ) गलत, सेब एक द्रव्य है क्योंकि कि यह स्थान घेरता है और इसमें द्रव्यमान है।
प्रश्न 5.
हम विभिन्न सामग्रियों जैसे लकड़ी, लोहा, प्लास्टिक, बाँस, सीमेंट और पत्थरों से बनी कुर्सियाँ देखते हैं। कुर्सी बनाने के लिए सामग्री के कुछ वांछनीय गुण निम्नलिखित हैं। कौन-सी सामग्रियाँ इन गुणों को पूरा करती हैं?
(क) कठोरता (लंबे समय तक उपयोग के बाद भी बैठने पर मुड़ती या हिलती नहीं है)।
(ख) हल्का भार (एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने और उठाने में आसान होता है)।
(ग) सर्दियों में बैठने पर अधिक ठंडी महसूस नहीं होती।
(घ) इसे नियमित रूप से साफ किया जा सकता है और लंबे समय तक उपयोग के बाद भी नई जैसी दिखती है।
उत्तर:
(क) कठोरता — लकड़ी, लोहा, सीमेंट, पत्थर
(ख) हल्का भार – प्लास्टिक, बाँस
(ग) सर्दियों में बैठने पर अधिक ठंडी महसूस नहीं होती- लकड़ी, बाँस
(घ) इसे नियमित रूप से साफ किया जा सकता है और लंबे समय तक उपयोग के बाद भी नई जैसी दिखती है— प्लास्टिक
प्रश्न 6.
आपको (क) खाद्य अपशिष्ट, (ख) टूटा हुआ काँच और (ग) रही कागज को एकत्रित करने के लिए पात्र की आवश्यकता होगी। इन सभी प्रकार के अपशिष्टों के पात्रों के लिए आप कौन-सी सामग्री का चयन करेंगे? आपको सामग्रियों के किन गुणों के बारे में विचार करना चाहिए?
उत्तर:
(क) खाद्य अपशिष्ट के लिए हल्के व मजबूत पात्र की आवश्यकता होगी तथा पात्र की सामग्री ऐसी हो जो खाद्य पदार्थों की नमी से खराब भी न हो इसलिए इसके पात्र हेतु प्लास्टिक सामग्री का चयन करेंगे।
(ख) टूटा हुए काँच के लिए कठोर सामग्री से बने पात्र की आवश्यकता होगी इसलिए इसके लिए लोहे का सामग्री के रूप में चयन करेंगे।
(ग) रद्दी कागज के लिए हल्के पात्र की आवश्यकता होगी जो कागज या कार्ड बोर्ड से बना हो।
प्रश्न 7.
हमारे चारों ओर वायु है लेकिन यह हमें एक – दूसरे को देखने से नहीं रोकती। वहीं यदि बीच में लकड़ी का दरवाजा आ जाए तो हम एक-दूसरे को नहीं देख पाते। ऐसा इसलिए है क्योंकि वायु …………. है और लकड़ी का दरवाजा …………. है। सबसे उपयुक्त विकल्प चुनें-
(क) पारदर्शी, अपारदर्शी
(ख) पारभासी, पारदर्शी
(ग) अपारदर्शी, पारभासी
(घ) पारदर्शी, पारभासी
उत्तर:
(क) पारदर्शी, अपारदर्शी
प्रश्न 8.
कल्पना कीजिए कि आपके पास दो अज्ञात सामग्रियाँ हैं, ‘क’ और ‘ख’ जब आप सामग्री ‘क’ को दबाने का प्रयास करते हैं तो यह कठोर महसू होती है और आसानी से अपना आकार नहीं बदलती है। दूसरी ओर, जब आप सामग्री ‘ख’ को दबाते हैं तो यह आसानी से अपना आकार बदल लेती है। अब, जब आप दोनों सामग्रियों को जल में मिलाते हैं, तो केवल सामग्री ‘क’ पूरी तरह से घुल जाती है, जबकि सामग्री ‘ख’ अपरिवर्तित रहती है। सामग्री ‘क’ और ‘ख’ क्या हो सकती हैं? क्या आप पहचान सकते हैं कि सामग्री ‘क’ कठोर है या नरम? सामग्री ‘ख’ क्या हो सकती है? अपने तर्क की व्याख्या करें।
उत्तर:
सामग्री ‘क’- यह सामग्री चीनी या नमक हो सकती है क्योंकि चीनी दबाने पर कठोर महसूस होती है। तथा जल में पूरी तरह घुल भी जाती है।
सामग्री ‘ख’- यह सामग्री ‘रबड़ या क्ले’ हो सकती है। क्योंकि यह दबाने पर आसानी से अपना आकार बदल लेती है और जल में मिलाने पर अपरिवर्तित रहती है।
प्रश्न 9.
(क) मैं कौन हूँ? दिए गए गुणों के आधार पर मुझे पहचानें।
(i) मैं चमकदार हूँ। ……..
(ii) मुझे आसानी से संपीडित किया जा सकता है। ……..
(iii) मैं कठोर और जल में घुलनशील हूँ। ……..
(iv) आप मेरे आर-पार स्पष्ट रूप से नहीं देख सकते। ……..
(v) मुझमें द्रव्यमान और आयतन है, लेकिन आप मुझे नहीं देख सकते। ……..
(ख) आप स्वयं एक “मैं कौन हूँ?” पहेली बनाएँ। ……..
उत्तर:
(क) (i) धातु (ii) रबड़ (नरम सामग्री) (iii) चीनी (iv) बटर पेपर (पारभासी) (v) वायु
(ख) मैं कौन हूँ? पहेली
(i) मैं तरल और जल में अघुलनशील हूँ। ……..
(ii) मैं चमकदार बनाता हूँ। ……..
(iii) मेरे आर-पार देखा जा सकता है। ……..
(iv) मैं गैस हूँ और जल में घुलनशील हूँ। ……..
उत्तर:
(i) तेल (ii) मोम (iii) काँच ( पारदर्शी सामग्री) (iv) ऑक्सीजन।
प्रश्न 10.
आपको निम्नलिखित सामग्रियाँ प्रदान की गई हैं- सिरका, शहद, सरसों का तेल, जल, ग्लूकोज, गेहूँ का आटा।
सामग्रियों के कोई ऐसे दो जोड़े बनाएँ जहाँ एक सामग्री दूसरे में घुलनशील हो और कोई दो जोड़े बनाएँ जहाँ एक सामग्री दूसरी में अघुलनशील हो।
उत्तर:
(1) एक सामग्री दूसरी में घुलनशील है-
(i) सिरका, जल (ii) ग्लूकोज, जल
(2) एक सामग्री दूसरी में अघुलनशील है-
(i) सरसों का तेल, सिरका (ii) गेहूँ का आटा, जल
RBSE Class 6 Science Chapter 6 Important Questions in Hindi
बहुचयनात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
निम्न में से किस पदार्थ में द्युति (चमक) नहीं पायी जाती है—
(अ) लोहा
(ब) लकड़ी
(स) ताँबा
(द) चाँदी
उत्तर:
(ब) लकड़ी
प्रश्न 2.
स्पंज है—
(अ) एक कठोर पदार्थ
(ब) एक प्रकार की धातु
(स) एक कोमल पदार्थ
(द) एक प्रकार का खुरदरा पदार्थ
उत्तर:
(स) एक कोमल पदार्थ
प्रश्न 3.
निम्न में से जल में अविलेय द्रव है-
(अ) सिरका
(ब) नींबू का रस
(स) मिट्टी का तेल
(द) इनमें से कोई नहीं
उत्तर:
(स) मिट्टी का तेल
प्रश्न 4.
पारभासी पदार्थ नहीं है—
(अ) तैलीय धब्बा लगा हुआ कागज
(ब) काँच
(स) बटर पेपर
(द) एक्सरे शीट
उत्तर:
(ब) काँच
प्रश्न 5.
जल में विलेय है—
(अ) केरोसिन
(ब) नारियल का तेल
(स) सरसों का तेल
(द) सिरका
उत्तर:
(द) सिरका
प्रश्न 6.
निम्न में से धातु नहीं है-
(अ) जस्ता
(ब) ऐलुमिनियम
(स) सोना
(द) प्लास्टिक
उत्तर:
(द) प्लास्टिक
प्रश्न 7.
पारदर्शी पदार्थ नहीं हैं—
(अ) काँच
(ब) धातु
(स) जल
(द) वायु
उत्तर:
(ब) धातु
प्रश्न 8.
कठोर पदार्थ का उदाहरण है—
(अ) स्पंज
(ब) लकड़ी
(स) रूई
(द) मोमबत्ती
उत्तर:
(ब) लकड़ी
प्रश्न 9.
‘स्निग्ध’ का अर्थ है-
(अ) चिकना
(ब) मुलायम
(स) खुरदरा
(द) गरम
उत्तर:
(अ) चिकना
प्रश्न 10.
गिलास बनाने के लिए उपयुक्त पदार्थ नहीं है—
(अ) कागज
(ब) काँच
(स) प्लास्टिक
(द) धातु
उत्तर:
(अ) कागज
रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए
1. सामग्रियों को समूहों में व्यवस्थित करने की विधि को ___________ कहा जाता है।
उत्तर:
वर्गीकरण
2. कोई भी वस्तु जो स्थान घेरती है और जिसका द्रव्यमान होता है, उसे ___________ कहते हैं।
उत्तर:
द्रव्य
3. द्रव्य द्वारा घेरा गया स्थान उसका ___________ होता है।
उत्तर:
आयतन
4. द्रव्यमान किसी वस्तु में विद्यमान ___________ की मात्रा का मापन है।
उत्तर:
द्रव्य
5. ऐसे पदार्थ जिनसे होकर वस्तुओं को नहीं देख सकते ___________ हैं, उन्हें कहते हैं।
उत्तर:
अपारदर्शी
6. वस्तुएँ विभिन्न प्रकार की ___________ से बनाई जाती हैं।
उत्तर:
सामग्रियों
निम्न में से सत्य / असत्य कथन छाँटिए
1. सभी पदार्थ जल में विलेय होते हैं। (सत्य/असत्य)
उत्तर:
असत्य
2. वे पदार्थ जिनमें चमक या द्युति होती है, वे प्रायः धातु होते हैं। (सत्य/असत्य)
उत्तर:
सत्य
3. जिन सामग्रियों के आर-पार स्पष्ट नहीं देखा जा सकता है उन्हें पारदर्शी कहा जाता है। (सत्य/असत्य)
उत्तर:
असत्य
4. जो सामग्री भारी होती है, उसका द्रव्यमान अधिक होता है और जो हल्की होती है; उसका द्रव्यमान कम होता है। (सत्य/असत्य)
उत्तर:
सत्य
कॉलम – 1 में दिए गए शब्दों का मिलान कॉलम- 2 से कीजिए
प्रश्न 1.
कॉलम 1 | कॉलम 2 |
(1) पारदर्शी | (A) जल में अघुलनशील |
(2) अपारदर्शी | (B) पदार्थ के आर-पार स्पष्ट दिखता है। |
(3) अविलेय | (C) पदार्थ के आर-पार स्पष्ट नहीं दिखता |
(4) पारभासी | (D) पदार्थ के आर-पार नहीं दिखता |
उत्तर:
कॉलम 1 | कॉलम 2 |
(1) पारदर्शी | (B) पदार्थ के आर-पार स्पष्ट दिखता है। |
(2) अपारदर्शी | (D) पदार्थ के आर-पार नहीं दिखता |
(3) अविलेय | (A) जल में अघुलनशील |
(4) पारभासी | (C) पदार्थ के आर-पार स्पष्ट नहीं दिखता |
प्रश्न 2.
कॉलम 1 | कॉलम 2 |
(1) काँच | (A) विलेय |
(2) चिकना कागज | (B) धातु |
(3) चीनी | (C) पारदर्शी |
(4) लोहा | (D) पारभासी |
उत्तर:
कॉलम 1 | कॉलम 2 |
(1) काँच | (C) पारदर्शी |
(2) चिकना कागज | (D) पारभासी |
(3) चीनी | (A) विलेय |
(4) लोहा | (B) धातु |
अतिलघूत्तरात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
‘सामग्री’ किसे कहते हैं?
उत्तर:
किसी वस्तु को बनाने के लिए उपयोग किए जाने वाले पदार्थों या पदार्थों का मिश्रण सामग्री कहलाता है।
प्रश्न 2.
सभी वस्तुएँ किनसे बनी होती हैं?
उत्तर:
सभी वस्तुएँ किसी न किसी सामग्री से बनी होती हैं, जैसे कागज, लकड़ी, कपड़ा, काँच, धातु, प्लास्टिक, मिट्टी इत्यादि।
प्रश्न 3.
कपड़े से बने गिलास का उपयोग जल रखने के लिए क्यों नहीं किया जा सकता?
उत्तर:
क्योंकि गिलास बनाने के लिए आवश्यक सामग्रियों में जल धारण करने की क्षमता होनी चाहिए।
प्रश्न 4.
यह कैसे निर्धारित किया जाए कि किसी वस्तु को बनाने के लिए किस सामग्री का उपयोग किया जाना चाहिए?
उत्तर:
किसी वस्तु को बनाने के लिए सामग्री का चयन उसके गुणों और उस प्रयोजन के आधार पर करते हैं। जिसके लिए उस वस्तु का उपयोग किया जाना है।
प्रश्न 5.
विभिन्न खेलों की गेंदें बनाने के लिए भिन्न- भिन्न सामग्रियों का उपयोग क्यों किया जाता है?
उत्तर:
विभिन्न खेलों के लिए आवश्यक गेंद की उछाल, आकार, भार आदि खेल के अनुरूप अलग-अलग होती है इसलिए इन्हें बनाने के लिए भी भिन्न-भिन्न सामग्रियों की आवश्यकता होती है।
प्रश्न 6.
धातुओं के उदाहरण दीजिए।
उत्तर:
लोहा, ताँबा, ऐलुमिनियम तथा सोना आदि धातुओं कितने प्रकारों में वर्गीकृत कर सकते हैं? उदाहरण देकर के उदाहरण हैं।
प्रश्न 7.
‘कोमल या नरम पदार्थ कौनसे होते हैं?
उत्तर:
जिन पदार्थों को आसानी से संपीडित अथवा खरोंचा जा सकता है, कोमल पदार्थ कहलाते हैं जैसे- रुई व स्पंज।
प्रश्न 8.
‘कठोर पदार्थ’ किसे कहते हैं?
उत्तर:
वे पदार्थ जिन्हें दबाना या खंरोचना कठिन होता है, कठोर पदार्थ कहलाते हैं।
प्रश्न 9.
कुछ धातुएँ बहुधा अपनी चमक (द्युति) खो देती हैं। ऐसा क्यों होता है?
उत्तर:
ऐसा धातुओं पर वायु तथा नमी के प्रभाव के कारण होता है।
प्रश्न 10.
‘द्रव्य’ किसे कहते हैं?
उत्तर:
कोई भी वस्तु जो स्थान घेरती है और द्रव्यमान रखती है उसे ‘द्रव्य’ कहते हैं।
प्रश्न 11.
पदार्थ किसे कहते हैं?
उत्तर:
द्रव्य के शुद्ध रूप को पदार्थ कहते हैं; जैसे- जल, शर्करा, नमक, लोहा, ऑक्सीजन आदि ।
प्रश्न 12.
‘टेराकोटा’ किसे कहते हैं?
उत्तर:
पकी हुई मिट्टी को टेराकोटा कहते हैं।
प्रश्न 13.
क्या हम किसी वस्तु के विभिन्न भागों को बनाने के लिए भिन्न-भिन्न सामग्रियों का उपयोग कर सकते हैं?
उत्तर:
हाँ, उदाहरण के लिए, एक पेन विभिन्न सामग्रियों से बना हो सकता है, जैसे- प्लास्टिक, धातु और स्याही।
प्रश्न 14.
विभिन्न सामग्रियों के क्या गुण हो सकते हैं?
उत्तर:
विभिन्न सामग्रियों में अलग-अलग गुण हो सकते हैं, जैसे― चमक, कठोरता, कोमलता, आकार और रंग इत्यादि।
प्रश्न 15.
हमारे शरीर के प्रकार्यों में जल की क्या भूमिका है?
उत्तर:
जल हमारे शरीर में होने वाली प्रक्रियाओं में एक महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है क्योंकि यह बहुत-सी सामग्रियों को घोल सकता है।
प्रश्न 16.
क्या गैसें जल में घुलनशील होती हैं?
उत्तर:
कुछ गैसें जल में घुलनशील होती हैं। उदाहरण के लिए ऑक्सीजन गैस जल में घुल जाती है।
प्रश्न 17.
पीने के जल और दूध की बोतलों पर 500mL का लेबल लगा होता है। यह लेबल क्या दर्शाता है?
उत्तर:
यह लेबल आयतन को दर्शाता है।
प्रश्न 18.
मूषा / क्रुसिबल क्या है?
उत्तर:
मूषा / क्रूसिबल पदार्थों को गलाने के लिए उपयोग किया जाने वाला पात्र है जो मिट्टी व लोहे से बना होता है।
लघूत्तरात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
संपीडिता के गुण के आधार पर पदार्थों को समझाइए।
उत्तर:
संपीडिता के गुण के आधार पर पदार्थों को दो प्रकारों में वर्गीकृत कर सकते हैं—
(i) कोमल पदार्थ— ऐसे पदार्थ जिन्हें आसानी से संपीडित किया जा सकता है; कोमल पदार्थ कहलाते हैं। उदाहरण रुई, स्पंज, रबड़ आदि।
(ii) कठोर पदार्थ— ऐसे पदार्थ जिन्हें आसानी से संपीडित नहीं किया जा सकता, कठोर पदार्थ कहलाते हैं। उदाहरण- लकड़ी, पत्थर, धातुएँ आदि।
प्रश्न 2.
क्या सभी चमकदार वस्तुएँ धातु होती हैं?
उत्तर:
सभी चमकदार सामग्रियाँ धातु नहीं होती हैं। कुछ सामग्रियों की सतहों को पॉलिश करके चमकदार बनाया जाता है जबकि कुछ अन्य को प्लास्टिक, मोम या किसी अन्य पदार्थों की पतली परतों से लेपित किया जाता है जिससे वे चमकदार दिखाई देती हैं।
प्रश्न 3.
क्या तेल, सिरका, शहद जैसे द्रव जल में घुल जाते हैं?
उत्तर:
कुछ द्रव जल में पूरी तरह मिल जाते हैं। जैसे- सिरका आदि। लेकिन कुछ द्रव जल के साथ मिश्रित नहीं होते हैं और कुछ समय के लिए रख देने पर एक अलग परत बना लेते हैं। जैसे- तेल आदि।
प्रश्न 4.
किसी वस्तु या सामग्री के द्रव्यमान से क्या पता लगाया जा सकता है?
उत्तर:
किसी वस्तु या सामग्री के द्रव्यमान से यह पता किया जा सकता है कि वह सामग्री भारी है या हल्की जब उनके आयतन समान हों। जो सामग्री भारी होती है, उसका द्रव्यमान अधिक होता है और जो हल्की होती है; उसका द्रव्यमान कम होता है।
प्रश्न 5.
द्रव्यमान और आयतन में अन्तर कीजिए।
उत्तर:
द्रव्यमान | आयतन |
(i) द्रव्यमान किसी वस्तु में विद्यमान द्रव्य की मात्रा का मापन है। | (i) द्रव्य द्वारा घेरा गया स्थान उसका आयतन होता है। |
(ii) द्रव्यमान को ग्राम (g) और किलोग्राम (kg) की इकाइयों में मापा जाता है। | (ii) आयतन को लीटर (L) और मिलीलीटर (mL) की इकाइयों में मापा जाता है। |
प्रश्न 6.
‘द्युतिमय’ व ‘द्युतिहीन’ सामग्रियों में अन्तर कीजिए।
उत्तर:
द्युतिमय सामग्री | द्युतिहीन सामग्री |
(i) जिन सामग्रियों की सतह प्राय: चमकदार होती है उनका स्वरूप द्युतिमय (चमकदार) होता है। | (i) द्युतिहीन (चमकहीन) सामग्रियाँ वे होती हैं जिनकी सतह चमकदार नहीं होती है। |
(ii) उदाहरण- धातुएँ (लोहा, ताँबा, जस्ता, सोना, ऐलुमिनियम) | (ii) उदाहरण – कागज, लकड़ी, रबड़, जूट आदि। |
प्रश्न 7.
घुलनशील तथा अघुलनशील सामग्रियों में अन्तर कीजिए।
उत्तर:
घुलनशील सामग्री | अघुलनशील सामग्री |
(i) वे सामग्रियाँ जो जल (द्रव) में मिलाने पर पूर्णत: अदृश्य हो जाती हैं अर्थात् जल में घुल जाती है, घुलनशील सामग्री कहलाती है। | (i) वे सामग्रियाँ जो जल (द्रव) में नहीं घुलती और बहुत देर तक घोलने पर भी अदृश्य नहीं होती है। अघुलनशील सामग्री कहलाती है। |
(ii) नमक, चीनी, सिरका नींबू का रस आदि घुलनशील सामग्री है। | (ii) बालू, चॉक पाउडर, लकड़ी का बुरादा आदि अघुलनशील सामग्री है। |
दीर्घउत्तरीय प्रश्न
प्रश्न 1.
‘वर्गीकरण’ किसे कहते हैं? वस्तुओं का वर्गीकरण किस आधार पर किया जाता है। उदाहरण देकर समझाइए।
उत्तर:
वस्तुओं को समूहों में व्यवस्थित करने की विधि वर्गीकरण कहलाती है। वस्तुओं को उनके गुणों में समानता या अंतर के आधार पर समूहबद्ध या वर्गीकृत किया जाता है। उदाहरण के लिए, घर की रसोई में हम सामान्यतः एक जैसे बर्तनों को एक साथ रखते हैं। इसी प्रकार, एक पंसारी सामान्यतः सभी प्रकार के मसाले एक कोने में रखता है, दालें और अनाज दूसरे कोने में रखता है।
प्रश्न 2.
पारदर्शी, अपारदर्शी तथा पारभासी सामग्रियों को उदाहरण सहित समझाइए।
उत्तर:
(i) पारदर्शी सामग्री – ऐसी सामग्रियाँ जिनके आर- पार देखा जा सकता है, उन्हें पारदर्शी कहते हैं। काँच, जल, हवा, सेलोफेन कागज इत्यादि पारदर्शी सामग्रियों के उदाहरण हैं।
(ii) अपारदर्शी सामग्री – ऐसी सामग्रियाँ जिनके आर- पार नहीं देखा जा सकता हैं, अपारदर्शी सामग्री कहलाती है। पत्थर, लकड़ी, गत्ता और धातुएँ अपारदर्शी वस्तुओं के उदाहरण हैं।
(iii) पारभासी सामग्री – जिन सामग्रियों के आर-पार स्पष्ट नहीं देखा जा सकता है; उन्हें पारभासी सामग्री कहते हैं। बटर पेपर और फॉस्टेड काँच पारभासी सामग्रियों के उदाहरण हैं।
प्रश्न 3.
ओ. आर. एस. (ORS) से आप क्या समझते हैं ? इसे घर पर किस प्रकार तैयार किया जा सकता है?
उत्तर:
ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) का उपयोग दस्त या अन्य रोगों के कारण हुई पानी की कमी (निर्जलीकरण) के उपचार के लिए किया जाता है। ये ओ. आर. एस. पैकेट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और बाजार में भी उपलब्ध होते हैं। प्रत्येक पैकेट को एक लीटर जल में घोलकर उपयोग किया जाता है। यदि यह उपलब्ध नहीं है, तो उबालकर ठंडे किए गए एक लीटर जल में छह चम्मच चीनी और आधा चम्मच नमक मिलाकर घर पर ही ओ. आर. एस. तैयार किया जा सकता है।
प्रश्न 4.
प्राचीन भारत में विद्यमान वर्गीकरण प्रणाली को एक उदाहरण द्वारा समझाइए।
उत्तर:
प्राचीन भारत में भी वर्गीकरण प्रणाली विद्यमान थी। जैसे— आयुर्वेद, जो कि भारतीय चिकित्सा पद्धतियों में से एक है, उसमें भी भौतिक पदार्थों को समूह में बाँटने की एक प्रणाली है। आयुर्वेद में यथार्थ रूप से 20 गुणों (विपरीत गुणों के दस जोड़े) के बारे में बताया गया है जिनका उपयोग आयुर्वेद में सभी भौतिक पदार्थों का वर्णन करने के लिए किया जाता है। इन गुणों का उपयोग सभी जीवित प्रणालियों (पौधे, जंतु, एवं मनुष्य) पर्यावरण और भोजन का वर्णन करने के लिए भी किया जा सकता है। इनमें से कुछ गुण हैं—
गुरु (भारी), लघु (भार में हल्का), मंद (धीमा), हिम (ठंडा, शीतल), उष्ण (गरम, तप्त) आदि।
निबन्धात्मक प्रश्न
प्रश्न 1.
प्राचीन भारतीय उपमहाद्वीप में विभिन्न पात्रों (बर्तनों) का निर्माण किस प्रकार किया जाता था? इन पात्रों (बर्तनों) के निर्माण का क्या प्रयोजन था?
उत्तर:
प्राचीन भारतीय उपमहाद्वीप में लगभग 4000 सामान्य संवत पूर्व (BCE) सिंधु-सरस्वती मैदानों के कई क्षेत्रों में चाक घुमाकर बनाए गए मिट्टी के बर्तनों को निर्माण, रंगाई, विविध रंगों के सुरक्षात्मक या सजावटी लेप जिन्हें ‘स्लिप’ कहा जाता है, का अनुप्रयोग, सजावटी पेंटिंग इत्यादि तकनीकें विकसित हुई। यह तकनीकें हड़प्पा सभ्यता (2600-1900 सामान्य संवत पूर्व) के दौरान और भी परिष्कृत हो गई जिनमें चमकदार लाल सतह पर काले रंग के डिजाइनों से ज्यामितीय पैटर्न तथा जलीय और स्थलीय जानवरों को चित्रित किया गया।
हांडिया, थाली, कटोरे और अन्य वस्तुओं को बनाने के लिए उपयोग में लाई जाने वाली मिट्टी का सावधानीपूर्वक चुनाव कर उसे साफ किया जाता था और फिर छलनी से छानकर गूंथा जाता था। उसे एक घूमते पहिये पर आकार दिया जाता था और अंततः भट्टियों में पकाया जाता था। इन बर्तनों का उपयोग भोजन पकाने से लेकर अनाज, तेल, घी इत्यादि के भंडारण तक विभिन्न प्रयोजनों के लिए किया जाता था।
प्रश्न 2.
टिप्पणी कीजिए-
(i) द्रव्यमान की इकाई / मात्रक
(ii) आयतन की इकाई / मात्रक
उत्तर:
(i) द्रव्यमान की इकाई / मात्रक :- अंतरराष्ट्रीय मात्रक पद्धति (SI) में किलोग्राम द्रव्यमान की इकाई है। किलोग्राम को संक्षिप्त रूप में kg लिखा जाता है। वाक्य के अंत को छोड़कर, kg के चिह्न के बाद k और g के बीच कोई जगह नहीं होती है और उसके बाद कोई बिन्दु नहीं लगाया जाता है। द्रव्यमान लिखते समय हमेशा संख्या (संख्यात्मक मान) और इकाई के बीच में अंतराल छोड़ा जाता है।
(ii) आयतन की इकाई / मात्रक:- आयतन को लीटर और मिलीमीटर की इकाइयों में मापा जाता है। लीटर को बड़े L के रूप में और मिलीलीटर को ml के रूप में संक्षिप्त रूप से लिखा जाता है। mL के बीच कोई अंतराल नहीं होता है। SI प्रणाली में आयतन को घन मीटर के रूप में भी व्यक्त किया जाता है जिसे संक्षेप में m3कहा जाता है। घन मीटर को दर्शाने के लिए संक्षिप्त नाम मूर्धांक (सुपरस्क्रिप्ट) 3 के साथ लिखा जाता है। उदाहरण के लिए 3 घन मीटर आयतन को 3m3लिखा जाता है। संख्यात्मक मान और इकाई के बीच हमेशा एक स्थान छोड़ा जाता है।
प्रश्न 3.
सामग्रियों के प्रमुख गुणों का वर्णन कीजिए।
उत्तर:
सामग्रियों में विभिन्न गुण पाये जाते हैं, जो उनके उपयोग के लिए महत्त्वपूर्ण होते हैं। इनमें से प्रमुख गुण हैं—
(1) दिखावट – विभिन्न सामग्रियों की दिखावट भिन्न- भिन्न होती है। कुछ सामग्रियों की सतह चमकदार होती है उनका स्वरूप द्युतिमय (चमकदार) होता है, जैसे- धातुएँ जबकि कुछ सामग्रियाँ घुतिहीन ( चमकहीन) होती है, जैसे- कागज, लकड़ी आदि।
(2) कठोर एवं नरम- कुछ सामग्रियों को आसानी से दबाया या खरोंचा जा सकता है, वे नरम होती हैं जबकि अन्य सामग्रियाँ जिन्हें दबाना या खरोंचना कठिन होता है, वे कठोर होती हैं।
(3) घुलनशीलता वे सामग्रियाँ जो जल में मिलाने पर पूर्णतः अदृश्य हो जाती है या घुल जाती है, जल में घुलनशील कहलाती हैं जैसे चीनी, जबकि कुछ सामग्रियाँ जल में नहीं घुलती और बहुत देर तक घोलने पर भी अदृश्य नहीं होती है। इन्हें अघुलनशील सामग्री कहते हैं, जैसे— बालू।
(4) पारदर्शिता जिन सामग्रियों के आर-पार देखा जा सकता है उन्हें पारदर्शी कहा जाता है। जैसे— काँच, जल, हवा आदि। अधिकांश सामग्रियाँ ऐसी है, जिनके आर-पार नहीं देख पाते, उन्हें अपारदर्शी कहा जाता है, जैसे- लकड़ी, गत्ता और धातुएँ। वे सामग्रियाँ जिनके आर- पार स्पष्ट नहीं देखा जा सकता उन्हें पारभासी सामग्री कहते हैं; जैसे— बटर पेपर और फ्रॉस्टेड काँच आदि।
RBSE Class 6 Science Chapter 6 Notes in Hindi
- सभी वस्तुएँ किसी न किसी सामग्री से बनी होती हैं। जैसे— कागज़, लकड़ी, कपड़ा, काँच, धातु, प्लास्टिक, मिट्टी आदि।
- एक वस्तु विभिन्न सामग्रियों से बनाई जा सकती है और कुछ सामग्रियों का उपयोग विभिन्न वस्तुओं को बनाने के लिए किया जा सकता है।
- वस्तुओं को समूहों में व्यवस्थित करने की विधि वर्गीकरण कहलाती है। वस्तुओं को उनके समान गुणों के आधार पर समूहों में विभाजित किया जा सकता है।
- सामग्रियों को उनके स्वरूप के आधार पर समूहों में बाँटा जा सकता है, जैसे- द्युतिमय (चमकदार) एवं द्युतिहीन (चमकहीन) और कुछ को स्पर्श अनुभव के आधार पर जैसे- नरम या कठोर।
- हम सामग्रियों को उनके आर-पार कितनी स्पष्टता से देख सकते हैं, के आधार पर पारदर्शी, पारभासी या अपारदर्शी के रूप में वर्गीकृत कर सकते हैं।
- सामग्रियों में अलग-अलग गुण हो सकते हैं, जैसे— चमक, कठोरता, कोमलता, आकार और रंग इत्यादि।
- कुछ सामग्रियाँ जल में घुलनशील होती हैं, जबकि अन्य अघुलनशील।
- कोई भी वस्तु जो स्थान घेरती है और जिसका द्रव्यमान होता है, उसे द्रव्य कहते हैं।
- द्रव्य द्वारा घेरा गया स्थान उसका आयतन होता है।
- द्रव्यमान किसी वस्तु में विद्यमान द्रव्य की मात्रा का मापन है।